जमशेदपुर में अपराध पर लगाम और यातायात व्यवस्था सुधारने की पहल, सिंहभूम चैंबर ने SSP को सौंपे अहम सुझाव

व्यापारियों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और साइबर अपराध पर नियंत्रण की उठाई मांग, SSP ने कार्रवाई का दिया भरोसा

मनोज कुमार

जमशेदपुर शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) ने पहल की है। चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. एहतेशाम वकारिब से मुलाकात कर शहर की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान के लिए महत्वपूर्ण सुझाव सौंपे। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक (CCR) मनोज कुमार ठाकुर और बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार भी मौजूद रहे।

एसएसपी एहतेशाम बकारीब को स्मृति चिन्ह देते चैम्बर के पदाधिकारी

बैठक में व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण, चोरी और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश, साइबर अपराध से बचाव तथा युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। चैंबर ने पुलिस प्रशासन से इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

व्यापारियों की सुरक्षा और पुलिस गश्ती बढ़ाने पर जोर

चैंबर ने शहर के प्रमुख बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। व्यापारियों के साथ होने वाली आपराधिक घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई, प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया को सरल बनाने और शिकायतों का समयबद्ध निपटारा करने का सुझाव दिया गया। साथ ही बाजारों में नियमित पुलिस गश्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की गई।

सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग

शहर में बढ़ते यातायात दबाव और सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए चैंबर ने यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए कई सुझाव दिए। नो-पार्किंग क्षेत्रों में भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण, यातायात नियमों का सख्ती से पालन और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता बताई गई।

चैंबर ने सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों को तत्काल पुलिस सहायता और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया, ताकि समय रहते जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।

सीसीटीवी और साइबर अपराध पर नियंत्रण की पहल

शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों का प्रभावी उपयोग कर अपराध नियंत्रण और आपराधिक घटनाओं की जांच को और मजबूत बनाने का सुझाव दिया गया। प्रमुख बाजारों, सड़कों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था बेहतर करने की आवश्यकता बताई गई।

वहीं, बढ़ते साइबर अपराध पर चिंता जताते हुए चैंबर ने व्यापारियों और आम नागरिकों के बीच जागरूकता अभियान चलाने तथा साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए भी जागरूकता कार्यक्रम और पुलिस की सक्रियता बढ़ाने का सुझाव दिया गया।

SSP ने दिया कार्रवाई का भरोसा, त्योहारों पर रहेगी विशेष सुरक्षा

चैंबर के सुझावों पर प्रतिक्रिया देते हुए एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि शहर की कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस प्रशासन विभिन्न संस्थाओं के साथ नियमित समीक्षा बैठक करेगा। समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने कहा कि अपराध और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती, नियमित निगरानी और गश्ती बढ़ाई जाएगी। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी ने चैंबर के सुझावों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के बाहर सामान रखकर सड़क और फुटपाथ को संकरा न करें। उन्होंने साकची बाजार में फुटपाथी दुकानदारों के अतिक्रमण से उत्पन्न समस्याओं के समाधान के लिए भी उचित कदम उठाने का भरोसा दिया।

पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय पर सहमति

बैठक के दौरान चैंबर के सदस्यों और व्यवसायियों ने शहर की विभिन्न समस्याओं से जुड़े सवाल उठाए और अपने सुझाव दिए। एसएसपी ने सभी सवालों का जवाब देते हुए समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि शहर में बेहतर कानून-व्यवस्था और सुरक्षित व्यावसायिक माहौल के लिए पुलिस प्रशासन तथा व्यापारिक समुदाय के बीच नियमित संवाद और समन्वय जरूरी है। चैंबर ने पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग और संवाद की प्रक्रिया लगातार जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर चैंबर के मानद महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, हर्ष बाकरेवाल, सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, विनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया, पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, विपिन अडेसरा, मनोज गोयल, चंद्रकांत जटाकिया, मुकेश शर्मा, सतीश सिंह, संजय मिश्रा, अरुण अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल और पवन शर्मा समेत बड़ी संख्या में व्यवसायी, उद्यमी एवं चैंबर सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें