106 कंपनियों ने दिए 594 ऑफर, 32 कंपनियों ने पहली बार लिया हिस्सा; सर्वाधिक मासिक स्टाइपेंड 3.50 लाख रुपये
मनोज कुमार
जमशेदपुर,
एक्सएलआरआई-जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने समर इंटर्नशिप प्लेसमेंट 2026-28 की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। संस्थान के जमशेदपुर और दिल्ली-एनसीआर कैंपस के पीजीडीएम (बिजनेस मैनेजमेंट) और पीजीडीएम (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट) कार्यक्रमों के सभी 587 विद्यार्थियों को इंटर्नशिप का अवसर मिला है। इस प्लेसमेंट प्रक्रिया में 106 कंपनियों और भर्ती करने वाली संस्थाओं ने कुल 594 ऑफर दिए। खास बात यह रही कि इस वर्ष 32 कंपनियों ने पहली बार एक्सएलआरआई की समर इंटर्नशिप प्रक्रिया में भाग लिया।
संस्थान की इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की प्रतिभा और उद्योग जगत के बीच एक्सएलआरआई की मजबूत प्रतिष्ठा के रूप में देखा जा रहा है। समर इंटर्नशिप प्लेसमेंट में कंसल्टिंग, उपभोक्ता वस्तुओं, प्रौद्योगिकी और वित्त सहित विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने हिस्सा लेकर विद्यार्थियों को पेशेवर अनुभव हासिल करने का अवसर दिया।
निदेशक ने विद्यार्थियों को दी बधाई
एक्सएलआरआई के निदेशक डॉ. (फादर) सेबेस्टियन जॉर्ज, एसजे ने सभी विद्यार्थियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-28 बैच के सभी विद्यार्थियों को इंटर्नशिप मिलना संस्थान के लिए गर्व का विषय है। विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियों ने एक बार फिर एक्सएलआरआई के विद्यार्थियों की क्षमता और प्रतिभा पर भरोसा जताया है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष 32 नई कंपनियों का जुड़ना संस्थान के प्रबंधन शिक्षा कार्यक्रमों की बढ़ती पहुंच और उद्योग जगत के साथ मजबूत होते संबंधों को दर्शाता है।
सर्वाधिक मासिक स्टाइपेंड 3.50 लाख रुपये
इस वर्ष की समर इंटर्नशिप प्लेसमेंट प्रक्रिया में सर्वाधिक मासिक स्टाइपेंड 3.50 लाख रुपये रहा। 594 ऑफर के साथ संस्थान के सभी 587 विद्यार्थियों को इंटर्नशिप का अवसर मिलना प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में एक्सएलआरआई की मजबूत स्थिति को रेखांकित करता है।
समर इंटर्नशिप विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट जगत की कार्यप्रणाली समझने, व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने और प्रबंधन संबंधी कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करती है। एक्सएलआरआई की यह उपलब्धि संस्थान के विद्यार्थियों और भर्ती करने वाली कंपनियों के बीच मजबूत तालमेल को भी दर्शाती है।









