बेनाशोल से सुरदा क्रॉसिंग तक निकली रैली, लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से कराया अवगत
मुसाबनी
नशामुक्त समाज के निर्माण और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को बेथेल होम स्कूल, बेनाशोल के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों को नशे से दूर रहने तथा परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।

रैली बेनाशोल स्थित विद्यालय परिसर से शुरू हुई और मुख्य मार्गसे होते हुए सुरदा क्रॉसिंग पहुंची। यहां विद्यार्थियों ने आम लोगों को नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में जागरूक किया। इसके बाद रैली मुख्य मार्ग होते हुए सेंट्रल स्कूल के रास्ते वापस विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता संदेश देते हुए लोगों से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
नशे के खिलाफ समाज को एकजुट होने की जरूरत : डेबोरा लिविंगस्टन
रैली के समापन पर बेथेल होम के निदेशक लिविंगस्टन जोसेफ एवं बेथेल होम स्कूल की प्रिंसिपल डेबोरा लिविंगस्टन ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने नशामुक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में विद्यार्थियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। बच्चों को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर प्रयास करने की आवश्यकता है। विद्यार्थियों के माध्यम से दिया गया सकारात्मक संदेश परिवार और समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित कर सकता है।
जागरूकता से ही बनेगा नशामुक्त समाज
विद्यालय की इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशे की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए व्यक्तिगत प्रयासों के साथ-साथ परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज की सामूहिक भागीदारी भी जरूरी है। विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं की सहभागिता से आयोजित इस रैली ने लोगों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, सुरक्षित और जिम्मेदार समाज के निर्माण का आह्वान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।










