चक्रधरपुर रॉयल्स को 2 विकेट से हराया, यशस्वी मिश्रा रहे जीत के हीरो; दूसरे मुकाबले में चाईबासा चैलेंजर्स ने जगन्नाथपुर टाइगर्स को 33 रन से दी मात
सुजीत कुमार की रिपोर्ट
चाईबासा
जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रही पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग में रविवार को खेले गए दो मुकाबलों में रोमांच और शानदार बल्लेबाजी देखने को मिली। पहले मैच में कोल्हान किंग ने चक्रधरपुर रॉयल्स को दो विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी चौथी जीत दर्ज की, जबकि दूसरे मुकाबले में चाईबासा चैलेंजर्स ने जगन्नाथपुर टाइगर्स को 33 रनों से शिकस्त दी। कोल्हान किंग पांच मैचों में चार जीत के साथ आठ अंक हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष पर कायम है और उसका सेमीफाइनल टिकट पक्का हो गया है। वहीं, जगन्नाथपुर टाइगर्स की हार के साथ उसका टूर्नामेंट का सफर समाप्त हो गया।
आशीष तनवर के तूफानी 70 रन, रोमांचक मुकाबले में जीता कोल्हान किंग
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में सुबह नौ बजे खेले गए पहले मुकाबले में कोल्हान किंग के कप्तान शिवम कुमार ने टॉस जीतकर चक्रधरपुर रॉयल्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। चक्रधरपुर रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 186 रन बनाए।
निचले क्रम में बल्लेबाजी करने उतरे ललित शुक्ला ने नाबाद 43 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने तीन चौके और चार छक्के लगाए। इसके अलावा शिवम पटेल ने 40, डेविड सांगा ने 30 और हर्ष कुमार ने 26 रन बनाए।
कोल्हान किंग की ओर से यशस्वी मिश्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 27 रन देकर चार विकेट झटके। हृतिक अनंत, विकास यादव, सत्यम यादव और राम रौशन शरण को एक-एक विकेट मिला।
186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोल्हान किंग की शुरुआत शानदार रही। आशीष तनवर ने महज 31 गेंदों में पांच चौके और सात छक्कों की मदद से 70 रन ठोककर टीम को मजबूत आधार दिया। कप्तान शिवम कुमार ने 16 गेंदों पर 32 रन और सत्यम यादव ने 26 रन बनाए।
अंतिम ओवरों में यशस्वी मिश्रा ने नाबाद 16 और विकास यादव ने 10 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। कोल्हान किंग ने 19.1 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 187 रन बनाते हुए दो विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।
चक्रधरपुर रॉयल्स की ओर से निशांत रोहन ने तीन और हर्ष कुमार ने दो विकेट लिए। महेश सुलेंद्र दास और करण कुमार को एक-एक सफलता मिली।
शानदार गेंदबाजी और उपयोगी बल्लेबाजी के लिए यशस्वी मिश्रा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता के डीएलएस मैनेजर परमवीर सिंह ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया।
चाईबासा चैलेंजर्स की शानदार जीत, जगन्नाथपुर टाइगर्स सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर
218 रन के विशाल स्कोर के सामने 185 रन पर ढेर हुई जगन्नाथपुर की टीम
दूसरे मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चाईबासा चैलेंजर्स ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 218 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल महतो ने एक चौके और छह छक्कों की मदद से 55 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। कप्तान सुमित कुमार ने 35, एमोस एक्का ने 34, सचिन दूबे ने 32, अरविंद कुमार ने 25 और हर्ष राणा ने 22 रन बनाए।
जगन्नाथपुर टाइगर्स की ओर से ए. पवन कुमार ने तीन और युवराज कुमार ने दो विकेट चटकाए।
219 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी जगन्नाथपुर टाइगर्स की पूरी टीम 19.1 ओवर में 185 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान विकास सिंह ने महज 22 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से 46 रन की तूफानी पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
निकेत सिंह ने 43, रौशन कुमार ने 42, ए. पवन कुमार ने 24 और डेविड सागर मुंडा ने 19 रन बनाए।
चाईबासा चैलेंजर्स की ओर से आकाश कुमार ने 56 रन देकर तीन विकेट, जबकि एमोस एक्का, सचिन दूबे और बाएं हाथ के स्पिनर फैजानुल रहमान ने दो-दो विकेट हासिल किए।
शानदार प्रदर्शन के लिए सचिन दूबे को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार फ्रेंचाइजी चक्रधरपुर रॉयल्स के प्रतिनिधि राजेश सिन्हा ने प्रदान किया।
जगन्नाथपुर का सफर खत्म, चाईबासा की सेमीफाइनल पर नजर
जगन्नाथपुर टाइगर्स का यह आखिरी लीग मुकाबला था। हार के साथ ही टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई। वहीं, चाईबासा चैलेंजर्स की टीम का सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। दूसरी ओर, चार जीत के साथ आठ अंक हासिल कर चुकी कोल्हान किंग पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है।










