स्वदेशी और ‘लोकल फॉर वोकल’ का संदेश लेकर सड़क पर उतरे खादी प्रेमी और स्कूली बच्चे
मनोज कुमार
जमशेदपुर
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती की पूर्व संध्या पर गुरुवार को खादी एवं स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खादी ग्राम उद्योग संघ, सिंहभूम, जमशेदपुर की ओर से खादी यात्रा निकाली गई। यात्रा के माध्यम से लोगों को स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।

यात्रा की शुरुआत बिष्टुपुर स्थित खादी ग्राम उद्योग संघ के प्रधान कार्यालय से हुई। इसमें संघ के पदाधिकारियों के साथ मद्रासी सम्मेलनी मध्य विद्यालय, बिष्टुपुर के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। खादी ग्रामोद्योग आयोग, रांची से आए संजय कुमार के देखरेख में यात्रा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर खादी ग्राम उद्योग संघ के सचिव रविंद्र कुमार ठाकुर, व्यवस्थापक अशोक कुमार वर्मा, महालेखापाल राकेश कुमार शर्मा, व्यवस्थापक बजरंगी सिंह एवं समाजसेवी मनोज कुमार रजक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
यात्रा के दौरान स्वदेशी अपनाने, खादी को बढ़ावा देने और ‘लोकल फॉर वोकल’ को प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया। आयोजकों ने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि महात्मा गांधी के स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता के विचारों से जुड़ा माध्यम है।
देखें वीडियो
स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से कारीगरों और छोटे उत्पादकों को भी आर्थिक मजबूती मिलेगी।
खादी यात्रा के जरिए लोगों से अपील की गई कि वे दैनिक जीवन में अधिक से अधिक स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को अपनाएं तथा देश की आत्मनिर्भरता में अपनी भूमिका निभाएं।










