संघर्ष यूथ क्लब ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया भूमि पूजन, आतिशबाजी के साथ रखी भव्य पंडाल की आधारशिला
रणधीर कुमार सिंह
मुसाबनी
मुसाबनी में दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। इसी क्रम में संघर्ष यूथ क्लब, ताजमहल होटल की ओर से लगातार 11वें वर्ष भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष पूजा स्थल में बदलाव करते हुए ताजमहल होटल के बगल के पुराने स्थान के बजाय पास में स्थित बंद पड़े औद्योगिक क्षेत्र के आदर्श मध्य विद्यालय परिसर में भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जाएगा।





पंडाल निर्माण की शुरुआत सोमवार को पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित भूमि पूजन समारोह से हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुरोहितों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद पंडाल निर्माण की आधारशिला रखी गई। इस शुभ अवसर पर पूजा समिति के सदस्यों ने भव्य आतिशबाजी कर उत्सव का माहौल बना दिया।
इस अवसर पर पूजा समिति के अध्यक्ष एवं झामुमो प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन ने कहा कि संघर्ष यूथ क्लब इस वर्ष लगातार 11वीं बार दुर्गा पूजा का आयोजन कर रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जाएगा। पूजा का आयोजन सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूजा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा समिति की प्राथमिकता होगी। इसके लिए पूजा परिसर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूजा समिति के स्वयंसेवक भी तैनात रहेंगे, ताकि पूजा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
भूमि पूजन समारोह में पूजा समिति के अध्यक्ष प्रधान सोरेन, सचिव चंडीचरण डे, सरोज दत्ता, बापी दास, बिशु मुखर्जी, सपन भद्र, प्रकाश सेन, लालटू चक्रवर्ती, राकेश प्रजापति, अरविंद दत्ता, नृपेन्द्र नाथ नंदी, देबू सत्पथी, सनातन दास, राहुल दत्ता, बंछा गिरी, मिलन गिरी, गौतम नंदी, मनबोध महापात्र, संजय दत्ता, मिंटू दास और मैसा महाली समेत क्लब के कई सदस्य उपस्थित थे।










